
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । खागा कोतवाली क्षेत्र के नरवा संग्रामपुर गांव में पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें युवक फूल सिंह लोधी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। आरोप है कि ग्राम प्रधान मदन लोधी व उसके पारिवारिकजनों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक पक्ष का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था और पहले भी कई बार मारपीट व झगड़े हो चुके थे। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो घटना टाली जा सकती थी। हत्या की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।