सेफ्टी बेल्ट के बिना खंभों पर चढ़ाए जा रहे कर्मचारी, जान जोखिम में !

Must be share

बिना सीमेंट-मौरंग के गाड़े जा रहे बिजली पोल, हादसे की आशंका

द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )

जहानाबाद, फतेहपुर । जहानाबाद पावर हाउस क्षेत्र में इन दिनों चल रहे पोल शिफ्टिंग कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। कार्यदायी संस्था द्वारा बिजली के पोल बिना मानकों के लगाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों में हादसे की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार 11000 वोल्ट लाइन के लिए लगाए जा रहे पोलों को सीमेंट, मौरंग और गिट्टी से मजबूत करने के बजाय केवल मिट्टी भरकर गड्ढों में खड़ा किया जा रहा है। कई पोल तारों के खिंचाव के कारण टेढ़े भी दिखाई देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी, बारिश या तूफान की स्थिति में ये पोल कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। इतना ही नहीं, विद्युतीकरण कार्य के दौरान लाइनमैनों से बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कराया जा रहा है। कर्मचारियों को बिना सेफ्टी बेल्ट के खंभों पर चढ़ाया जा रहा है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारियों की जान जोखिम में डालकर कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे कार्य की जांच कराए जाने और मानकों के अनुरूप पोल लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की होगी। मामले में अधीक्षण अभियंता (एसई) अनिल वर्मा ने कहा कि यदि पोल शिफ्टिंग कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!