
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । बकरीद से पहले सोशल मीडिया पर साझा की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र का है, जहां पोस्ट वायरल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण होने लगा था। हिंदू संगठनों ने पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस के अनुसार गुफरान और जैनुल अब्दीन नामक युवकों द्वारा कुर्बानी से संबंधित एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की गई थी। आरोप है कि पोस्ट में गोवंश की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था, जिससे एक समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ललौली पुलिस ने हिंदूवादी नेता प्रदीप कुमार की दी गई तहरीर पर तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवादित पोस्ट से जुड़े मोबाइल फोन भी बरामद कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट किस उद्देश्य से बनाई और प्रसारित की गई थी।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, समुदाय या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री साझा करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने जनपदवासियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
#BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #Fatehpur #thesuperhitnews