दिनदहाड़े धड़ल्ले से हो रहा अवैध मिट्टी खनन, वीडियो वायरल

Must be share

– इलाकाई पुलिस और स्थानीय लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल

द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )

अमौली, फतेहपुर । चांदपुर थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का खेल लगातार बेखौफ तरीके से जारी है। क्षेत्र में दिन-रात जेसीबी मशीनों से मिट्टी खनन किए जाने के आरोप लग रहे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव के समीप जंगल इलाके का सामने आया है, जहां दिनदहाड़े जेसीबी से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टरों में भरते हुए एक जीपीएस वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यशैली और स्थानीय तंत्र की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
  ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति के खनन माफिया खुलेआम मिट्टी खनन कर रहे हैं और राजस्व विभाग को प्रतिदिन लाखों रुपये की क्षति पहुंचा रहे हैं। इसके बावजूद न तो स्थानीय पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई कर रही है और न ही राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सक्रिय नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में रात के समय भी जेसीबी मशीनें लगातार चलती हैं, लेकिन गश्त पर रहने वाली पुलिस द्वारा खनन माफियाओं के खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठाया जाता। इससे इलाकाई पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन की जानकारी के बिना खनन हो रहा है तो यह गंभीर लापरवाही है और यदि संरक्षण में हो रहा है तो यह और भी चिंताजनक विषय है।
एक ओर जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चांदपुर थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद लोगों में नाराजगी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। इस संबंध में बिंदकी तहसीलदार अचलेश ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!