
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शुक्रवार को प्रेम संबंधों के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही महिला की उसके प्रेमी ने गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में दहशत और मृतका के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान लालती देवी उर्फ राखी (24) निवासी कैथन पुरवा, थाना असोथर के रूप में हुई है। करीब चार वर्ष पूर्व उसकी शादी थरियांव थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले लगभग दो वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसका प्रेम संबंध गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी राजपाल उर्फ विजय कुमार रैदास (26) से हो गया और दोनों साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच संबंधों में तनाव चल रहा था। आरोपी विजय को शक था कि राखी का संबंध किसी अन्य युवक से भी है। वहीं आरोपी के मुताबिक महिला उसे लगातार पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने की धमकी भी दे रही थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार दोपहर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर विजय ने राखी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी सीधे थाना ललौली पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा शव बहादुरपुर स्थित घर में रखा हुआ है, जो गाजीपुर थाना क्षेत्र में आता है। सूचना मिलते ही ललौली पुलिस ने गाजीपुर पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घर से महिला का शव बरामद किया। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की हत्या की खबर सुनते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। वहीं पूरे गांव में घटना को लेकर भय और चर्चा का माहौल बना रहा।
गाजीपुर थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के स्वजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी राजपाल उर्फ विजय के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी युवक ने स्वयं थाने पहुंचकर हत्या की जानकारी दी थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#Fatehpur #UttarPradesh #BreakingNews #NewsUpdate #CrimeNews