
– गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई श्रद्धांजलि
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । जनपद के खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सिमौरी निवासी लोकतंत्र सेनानी भोला पुत्र रामरतन का निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनके पैतृक गांव सिमौरी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासन की ओर से सशस्त्र बलों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत लोकतंत्र सेनानी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मृतक के बड़े पुत्र राकेश कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ऊषा मौर्य, नायब तहसीलदार खागा, पुलिस बल सहित जनपद के कई लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे।

लोकतंत्र सेनानियों में प्रदेश महामंत्री नवल किशोर मिश्र, के पी सिंह, छेदी लाल, रामलाल, रमेश प्रसाद एवं गंगा राम सेनानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने लोकतंत्र सेनानी भोला के सामाजिक योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव में अंतिम संस्कार के समय माहौल गमगीन बना रहा और हजारों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।