फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर डीएम सख्त

Must be share

– तीन अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोका

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर तहसीलवार प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में लापरवाही सामने आने पर कई अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर बीडीओ विजयीपुर, बीडीओ बहुआ तथा एआर कॉपरेटिव का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश जिलाधिकारी ने जारी किए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करते हुए अभियान को गंभीरता से पूरा किया जाए।
इसके अलावा सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने विकास खंड क्षेत्रों में मृत व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र एकत्रित कर उनकी सूची संबंधित तहसीलदारों को उपलब्ध कराएं, ताकि अभिलेखों का सत्यापन समय पर किया जा सके।
जिलाधिकारी की सख्ती के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। माना जा रहा है कि फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!