युवाओं के सपनों को दिशा देने वाला विज़न है केंद्रीय बजट : दिव्यांशी

Must be share

– विकसित भारत युवा संसद में दिव्यांशी मिश्रा ने केंद्रीय बजट 2026 पर रखे प्रभावशाली विचार

– दूसरी बार किया फतेहपुर जिले का प्रतिनिधित्व

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । दिव्यांशी मिश्रा ने विकसित भारत युवा संसद में दूसरी बार जनपद फतेहपुर का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया। हरिहरगंज निवासी दिव्यांशी मिश्रा, श्री ब्रह्म प्रकाश मिश्रा की पुत्री हैं। जिला स्तर पर चयनित होने के बाद उन्होंने राज्य स्तर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर, लखनऊ में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में भाग लिया।


कार्यक्रम का आयोजन My Bharat एवं युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेशभर से चयनित युवाओं ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। दिव्यांशी मिश्रा ने “केंद्रीय बजट 2026” विषय पर तीन मिनट का प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। अपने संबोधन में दिव्यांशी ने युवाओं की चुनौतियों, रोजगार, कौशल विकास और भारत के भविष्य को केंद्र में रखते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026 केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को दिशा देने वाला विजन है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़कों, रेल और डिजिटल गलियारों पर बढ़ाया गया पूंजीगत व्यय युवाओं के लिए अवसरों का नया मार्ग तैयार करेगा। उन्होंने Skill India, Startup India और Stand Up India जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के युवा आज उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने Zomato, Swiggy और Flipkart जैसी कंपनियों का उदाहरण देते हुए युवाओं की सफलता को रेखांकित किया। दिव्यांशी ने अपने भाषण में सेमीकंडक्टर, STEM शिक्षा, रिसर्च, नवाचार, महिला आर्थिक सशक्तिकरण, खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया और डिजिटल तकनीक जैसे विषयों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आज का युवा कंटेंट क्रिएशन, एनीमेशन और AVGC तकनीक के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोककथाओं और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिला सकता है। उन्होंने अमेरिका के टैरिफ और चीन की चुनौती का उल्लेख करते हुए भारत की आर्थिक शक्ति और युवाओं की क्षमता पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि यदि देश का युवा, बजट के संकल्पों के साथ जुड़ गया, तो भारत वैश्विक बाजार में नई ताकत बनकर उभरेगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने राष्ट्रीय एकता, विकसित भारत और 2047 तक देश को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने का संकल्प दोहराया। उनका भाषण पूरे कार्यक्रम के दौरान आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एवं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समापन अवसर पर पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। दिव्यांशी मिश्रा की इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों और जनपद में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!