फतेहपुर में आंधी-तूफान का कहर, 9 की मौत, 16 घायल

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग हादसों में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान खागा तहसील क्षेत्र में हुआ, जहां पांच महिलाओं समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सदर तहसील क्षेत्र में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई।
बता दें कि जिले के सेमौरी, चल्थरा, कासिमपुर कटरा, रामपुरमून और मंडवा गांवों में तेज हवा और आंधी के चलते कई हादसे हुए। कहीं दीवार गिर गई तो कहीं पेड़ और मकान की छतें लोगों पर आ गिरीं। एक महिला की आम के पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला तेज हवा के चलते तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक स्थान पर पड़ोसी की दीवार गिरने से छत पर बैठे बुजुर्ग की जान चली गई। वहीं दीवार ढहने से एक लड़के की मौत हो गई और एक मासूम घायल हो गया।


हादसों में मां-बेटे समेत 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सदर तहसील के बमरौली गांव में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे समेत चार महिलाएं घायल हो गईं। आंधी-तूफान के चलते जिले के कई इलाकों में पेड़ और विद्युत पोल सड़क पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पशुहानि भी हुई है। खागा क्षेत्र में दो भैंस और पांच बकरियों की मौत हुई, जबकि सदर क्षेत्र में एक भैंस के मरने की सूचना है।

डीएम निधि गुप्ता वत्स ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। एडीएम अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और प्रभावित परिवारों को जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

#BreakingNews #UttarPradesh #Fatehpur #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!