
– तारापुर गांव में घर का ताला तोड़कर चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
द सुपरहिट न्यूज
जहानाबाद, फतेहपुर । जहानाबाद थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लगातार हो रही चोरियों से पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित महेंद्र उत्तम ने बताया कि रात में परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी खंगाल डाली। चोर सोने के बाला, झाला, मंगलसूत्र, चार सोने की कील, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी तोड़िया, चांदी की हाफ पेटी, चांदी की चेन और चांदी की हाई समेत करीब 22 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात व नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त प्रभावी न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं मामले में जहानाबाद थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।