ट्रिपल सुसाइड मामले का मुख्य आरोपी 50 हजार का ईनामी राहुल श्रीवास्तव गिरफ्तार

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । जनपद के चर्चित ट्रिपल सुसाइड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार चल रहे 50 हजार के ईनामी मुख्य अभियुक्त राहुल श्रीवास्तव को पुलिस ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गिरफ्तारी की जानकारी मीडिया से साझा की है।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि राहुल श्रीवास्तव घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया था। सर्विलांस टीम और पुलिस की लगातार निगरानी के बाद उसे वृंदावन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

– क्या था मामला

कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव में बीते दिनों बंद मकान के भीतर 50 वर्षीय सुशीला देवी, उनके 24 वर्षीय बेटे अमर श्रीवास्तव और देवर सुनील श्रीवास्तव के शव मिले थे। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ था, लेकिन मौके से मिले कथित सुसाइड नोट ने जांच की दिशा बदल दी। नोट में पप्पू उर्फ दिलीप द्विवेदी, संजय सिंह, शुभम, सोनू और राहुल श्रीवास्तव पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और आर्थिक दबाव बनाने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस का कहना है कि सूदखोरों के दबाव में आकर तीनों ने आत्मघाती कदम उठाया था।

#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!