
– पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल के नेतृत्व में हुआ एनकाउंटर
द सुपरहिट न्यूज
लखनऊ । गाजियाबाद में कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात डासना रोड क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने लूटकांड के दोनों मुख्य आरोपियों जुबैर अहमद और समीर को मार गिराया। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।


जानकारी के अनुसार 6 मई को गाजियाबाद के क्रासिंग रिपब्लिक में बदमाशों ने एटीएम कैश वैन को निशाना बनाते हुए 27 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों की लोकेशन डासना रोड पर होने की जानकारी मिली जिसके बाद घेराबंदी की गई। बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ के निर्देशन और डीसीपी धवल जायसवाल के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और वेव सिटी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।