
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शुक्रवार को तहसील सदर कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नायब तहसीलदार कोर्ट, तहसीलदार न्यायिक कोर्ट सहित विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और सभी नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों का नियमित रूप से स्वयं परीक्षण करें। साथ ही तहसील में तैनात पेशकारों की प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी से तहसील निरीक्षण की स्थिति की जानकारी ली। एसडीएम द्वारा दो माह पूर्व निरीक्षण किए जाने की जानकारी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नियमित रूप से सभी पटलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। तहसीलदार से मत्स्य पट्टों के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित करने को कहा। तहसीलदार ने बताया कि नए पट्टों के लिए आवेदन अगले माह आमंत्रित किए जाएंगे। तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वादों की फाइलों का अवलोकन किया और धारा-67 से संबंधित लंबित पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य लंबित वादों को भी प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर निपटाने पर जोर दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव, प्रभारी तहसीलदार अमरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews