टंकी बनी शोपीस, टोटियों तक नहीं पहुंचा पानी, जल निगम के गड्ढे बने आफत

Must be share

– 8-10 जगह खोदे गड्ढे, खड़ंजा मार्ग बना तालाब, राहगीर रोज हो रहे चोटिल

द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट: अमित चौधरी )

विजयीपुर, फतेहपुर । ‘हर घर जल’ योजना की जमीनी हकीकत विजयीपुर क्षेत्र के गोदौरा व खेमकरनपुर गांव में पूरी तरह उजागर हो रही है। गोदौरा गांव में पानी की टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन खेमकरनपुर गांव के घरों की टोटियों तक आज तक एक बूंद पानी नहीं पहुंच सका है।


  ग्रामीणों के अनुसार, गोदौरा से खागा-किशनपुर को जोड़ने वाले करीब 2 किलोमीटर लंबे खड़ंजा मार्ग पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए 8 से 10 स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए। वर्ष 2023 में शुरू हुआ पानी की टंकी का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। महीनों बीत जाने के बावजूद न तो गड्ढों को भरा गया और न ही जलापूर्ति शुरू हो पाई। बरसात और पानी भरने से खड़ंजा मार्ग जगह-जगह तालाब में तब्दील हो गया है। कीचड़ और फिसलन के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन लेने के लिए कोटेदार तक पहुंचना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। गोंदौरा मजरे खेमकरनपुर के लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर टंकी तो बना दी गई, लेकिन उन्हें उसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। एक ओर पेयजल संकट बना हुआ है, तो दूसरी ओर जल निगम के अधूरे कार्य से ग्रामीणों की जान जोखिम में है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व जल निगम के अधिकारियों से मांग की है कि खेमकरनपुर में तत्काल जलापूर्ति शुरू कराई जाए और मार्ग पर खोदे गए सभी गड्ढों को भरवाकर खड़ंजे की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके। वहीं, मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता कैलाश चंद्र ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है और जल्द ही ठेकेदार को भेजकर कार्य पूरा कराया जाएगा।

#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!