
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । सदर कोतवाली क्षेत्र की शिवपुरम कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नगद पार कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खागा कोतवाली क्षेत्र के बाभनपुरवा गांव निवासी आनंद कुमार त्रिवेदी पिछले दो वर्षों से शहर के कलक्टरगंज स्थित शिवपुरम कॉलोनी में परिवार सहित रह रहे हैं। बुधवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर चले गए थे। उनकी पत्नी बीनू त्रिवेदी भी करीब 11 बजे बच्चों के साथ मायके बड़नपुर में आयोजित भतीजे के जनेऊ संस्कार में शामिल होने चली गईं, जिससे घर पूरी तरह सूना हो गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बजाय उसे फैलाकर अंदर प्रवेश किया और घर के कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला। स्टोर रूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नगदी पार कर दी। शाम करीब चार बजे जब आनंद कुमार त्रिवेदी घर लौटे तो गेट की स्थिति देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर पहुंचने पर घर का सारा सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।
#BreakingNews #UttarPradesh #fatehpur #NewsUpdate #trendingnow #thesuperhitnews