
– सुजानपुर में उमड़ा जनसैलाब, गौरक्षा और गौधाम निर्माण का दिलाया संकल्प
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर। ज्योतिर्मठ के पीठाधीश्वर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की पावन गविष्ठ यात्रा बुधवार को फतेहपुर पहुंची, जहां अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सुजानपुर में उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के आगमन के साथ ही पूरा क्षेत्र “जय गोमाता” और “सनातन धर्म की जय” के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अगुवाई ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल और शिवाकांत तिवारी ने की। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान हेमलता पटेल ने अपने पति धर्मेंद्र कुमार के साथ शंकराचार्य को भगवान शिव की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुजानपुर बारातशाला परिसर में आयोजित समारोह में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शंकराचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि गौ माता की रक्षा और संरक्षण प्रत्येक सनातनी का परम कर्तव्य है। उन्होंने गौरक्षा को सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का विषय बताते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य ने हेमलता पटेल पर विश्वास जताते हुए उन्हें विधानसभा क्षेत्र में गौरक्षा अभियान को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इसके तहत सर्वसहयोग से गौधाम निर्माण, गौरक्षा संदेश और संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व दिया गया। शंकराचार्य के आह्वान पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में आए लोगों के लिए शरबत, ठंडा पानी और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन के अनुशासित संचालन और व्यवस्थाओं की संतों एवं क्षेत्रवासियों ने सराहना की। इस अवसर पर जिला प्रभारी शिवाकांत तिवारी, उदित अवस्थी, धर्मेंद्र कुमार, मोहित वर्मा, सत्यम, सुमन, रानी, मधु, शनी, संयोगिता, पिंकी, रेखा, सुधा, राजरानी, दाताराम, शिवम, मुकुल और उत्कर्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान गविष्ठ यात्रा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा गाजीपुर, जागेश्वर मंदिर, सरकी, खागा और हुसैनगंज समेत कई स्थानों पर पहुंचकर लोगों को गौरक्षा और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करेगी।