ट्रांसफार्मर की चिंगारी से लगी आग, गृहस्थी जली, गाय झुलसी

Must be share

द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : अमित चौधरी )

विजयीपुर, फतेहपुर । किशनपुर थाना क्षेत्र के महोली का डेरा मजरे महावतपुर असहट गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के चलते एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई, जबकि घर में बंधी गाय भी झुलस गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अजय नारायण विश्वकर्मा पुत्र बिंदेश्वरी विश्वकर्मा के घर के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा करीब एक कुंतल लाही, तीन स्मार्ट मोबाइल फोन, कपड़े, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से घर में बंधी एक गाय भी झुलस गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि जर्जर विद्युत उपकरणों और लापरवाही के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। सूचना पर पहुंची राजस्व टीम ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट शासन को भेज दी है।

Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!