
– गविष्टि यात्रा के जरिए गौ-संरक्षण और सनातन संस्कृति का दिया संदेश
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : गौरव सिंह )
फतेहपुर । ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के फतेहपुर आगमन से जिले का धार्मिक और राजनीतिक माहौल गर्मा गया। गविष्टि यात्रा के तहत दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे शंकराचार्य ने महंगाई, गौ-संरक्षण और सरकार की नीतियों सहित कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक ओर गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर उसकी “बोटी-बोटी” बेची जा रही है, जो समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने मांग की कि गाय को पशु की श्रेणी से हटाया जाए, क्योंकि गाय केवल पशु नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है। शंकराचार्य ने कहा कि वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव से पहले वह प्रदेश की सभी विधानसभाओं में गविष्टि यात्रा लेकर जाएंगे और लोगों को गौ रक्षा व सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करेंगे।
इसी क्रम में बुधवार दोपहर करीब दो बजे शंकराचार्य का असोथर नगर पंचायत क्षेत्र के प्रतापनगर झाल में भव्य स्वागत किया गया। उनके नगर पहुंचते ही सनातन धर्मावलंबियों ने पुष्प-वर्षा, जयघोष और पारंपरिक अभिनंदन के साथ स्वागत किया। पूरा क्षेत्र “गौ माता की जय” और “सनातन धर्म की जय” के नारों से गूंज उठा।
इस दौरान शंकराचार्य ने सनातन संस्कृति, धर्म रक्षा और गौ-संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से समाज में धार्मिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौ सेवा और संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी चंद्र आर्य, गौरव सिंह गौतम, मुन्ना अग्रहरि, हरेन्द्र यादव, कुमार गौरव, रिंकू आर्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews