
द सुपरहिट न्यूज ( विवेक मिश्र )
फतेहपुर । जोनिहा चौकी से नाबालिग किशोरी को कार से लेकर जाने के बाद, पीछा करने के दौरान हुए हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कार्रवाई की है साथ ही जिले के छह थानों के कारखासों पर भी हंटर चला है, इनमें से कई कारखास ऐसे हैं जो कुख्यात हैं और अवैध तरीके से लाखों करोड़ों की संपत्ति बना रखी है !
बता दें कि बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा कस्बा निवासी स्वर्गीय रामनारायण सोनी की पत्नी गीता सोनी की बांदा निवासी बहन की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद उनके बहनोई ने दूसरी शादी कर ली थी। ऐसे में गीता अपनी बहन की करीब 16 वर्षीय पुत्री को अपने साथ रखकर उसका पालन-पोषण कर रही हैं। किशोरी बिंदकी के एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। बताया जाता है कि गीता का दामाद दीपक सोनी, जो फरीदपुर गांव का निवासी है, करीब एक सप्ताह पहले किशोरी को अपने साथ ले गया था। इस पर गीता और किशोरी की सौतेली मां दोनों ने जोनिहा चौकी में शिकायत दर्ज कराई और अलग अलग तरह के आरोप लगाए।
पुलिस के बुलावे पर रविवार को तीनों पक्ष चौकी पहुंचे, जहां शाम तक पंचायत चली। इस दौरान दोनों पक्ष किशोरी को अपने साथ रखने का दावा करते रहे। इस दौरान किशोरी को लेकर दीपक चला गया, जिसके बाद पीछा करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया और तीन लोगों सत्यवान, मनोज, अन्नू की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि स्थानीय पुलिस चाहती उच्चाधिकारियों से बात करके किशोरी को नारी निकेतन भेज सकती थी। प्रकरण में लापरवाही बरतने पर जोनिहा चौकी प्रभारी अजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। घटना में आरोपी कार चालक दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का भी आरोप है कि यदि चौकी पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई की होती तो यह हादसा टल सकता था। जांच में चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
– कारखासों पर चला हंटर, सभी थानो पर एसपी की नज़र !
एसपी ने जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों ( कारखासों ) को भी लाइन हाजिर किया है। इनमें जहानाबाद से ओम तिवारी, गाजीपुर से ललित मिश्रा, लोकदीप पांडे, बॉबी गुर्जर, हुसेनगंज से विष्णु देव, मनोज कुमार, कोतवाली से रामकुमार पाराशर, राकेश सिंह, जाफरगंज से रामकुमार तथा राधानगर से सुधांशु शुक्ला शामिल हैं। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और इसे लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। वहीं बताते हैं कि एसपी ने अन्य थानों के भी कर्मियों की गोपनीय जांच शुरू करा दी है जल्द ही बड़े पैमाने पर परिवर्तन और कार्रवाई देखने को मिल सकती है ! इस बाबत एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दस पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है, अगर कोई भी कर्मी गलत काम में लिप्त पाया जाएगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।