
द सुपरहिट न्यूज
खागा, फतेहपुर । किशनपुर नगर पंचायत में निर्माणाधीन स्थायी कान्हा गौशाला समय सीमा बीतने के बाद भी अधूरी पड़ी है, जिससे कस्बे में अन्ना गोवंशों की समस्या गंभीर होती जा रही है। शाम ढलते ही बाजार, मुख्य सड़कों और चौराहों पर गोवंशों के झुंड दिखाई देने लगते हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से 500 गोवंशों की क्षमता वाली गौशाला का निर्माण कार्य एक वर्ष पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका। इसके चलते कस्बे में सैकड़ों अन्ना मवेशी खुलेआम विचरण कर रहे हैं। सब्जी बाजार, मंडी चौराहा, रामपुर चौराहा, थाना परिसर, अस्पताल और बस स्टॉप के आसपास रोजाना इनका जमावड़ा लग रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उधर खेतों में फसलों को नुकसान से बचाने के लिए किसान रातभर रतजगा करने को मजबूर हैं। भोजन के अभाव में गोवंश कूड़े-कचरे में सड़ा-गला पदार्थ तलाशते नजर आ रहे हैं। अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि निर्माण अवधि बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है तथा ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
#BreakingNews #Fatehpur #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews