
– दहशत में ग्रामीण, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
द सुपरहिट न्यूज
खागा, फतेहपुर । अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो घरों में नकब लगाकर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है और लोग रातभर जागकर घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

खखरेरू थाना क्षेत्र के पौली गांव निवासी शमशाद अहमद के घर बीती रात चोरों ने बाहरी दीवार काटकर कमरे में प्रवेश किया और 32 हजार रुपये नकद पार कर दिए। अलमारी का ताला तोड़ते समय आहट होने पर परिजन जाग गए तो चोर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर फरार हो गए। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया। इसी रात मोहम्मद फुरकान के घर पीछे की दीवार काटकर घुसे चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की झुमकी, पायल, पांच हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ कुंतल चावल चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि नकब से कुछ ही दूरी पर परिजन सोते रहे और घटना की भनक तक नहीं लगी। इसके पहले शनिवार रात नासिर हुसैन के घर से छह बोरी सरसों भी चोरी हो चुकी है। पीड़ितों ने लिखित तहरीर देकर शीघ्र खुलासे और गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच और चोरों की तलाश की जा रही है।
#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews