
– युवा विकास समिति ने शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाई पानी की हौद, लोगों से भी की अपील
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते जहां आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं पशु-पक्षियों के सामने भी पानी का संकट गहराता जा रहा है। ऐसे समय में युवा विकास समिति ने पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। समिति की ओर से शहर के प्रमुख स्थानों पर पेड़ों के नीचे पानी की हौद रखकर उनमें नियमित पानी भरने की व्यवस्था की गई है।
युवा विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गर्मी में इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत कार्यालय, ताबेश्वर मंदिर और गांधी पार्क सहित कई स्थानों पर पानी की हौद रखकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में पानी किसी अमृत से कम नहीं है। इंसान तो अपनी प्यास बुझाने के लिए पानी मांग सकता है, लेकिन पशु-पक्षी प्यास से तड़पते रहते हैं। पानी की कमी के कारण हर वर्ष कई पक्षियों और पशुओं की मौत हो जाती है। ऐसे में यदि लोग अपने घरों की छतों और आसपास पानी रख दें तो कई बेजुबान जीवों की जिंदगी बचाई जा सकती है। समिति ने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था जरूर करें। साथ ही गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान युवा विकास समिति के जिला अध्यक्ष कंचन, संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी, आफताब, विकास श्रीवास्तव, दीप कुमार और उपमन सरस्वती महाराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।