बिना प्रशिक्षण जनगणना कार्य का विरोध, पंचायत सहायकों ने सौंपा ज्ञापन

Must be share

द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )

अमौली, फतेहपुर । विकासखंड अमौली मुख्यालय में सोमवार को पंचायत सहायकों ने बिना प्रशिक्षण और अतिरिक्त मानदेय के स्व जनगणना सहित अन्य विभागीय कार्य कराए जाने का विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। खंड विकास अधिकारी की अनुपस्थिति में पंचायत सहायकों ने आईएसबी मुन्नालाल को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
  पंचायत सहायकों का कहना था कि सभी ग्राम पंचायतों में कार्यरत सहायकों पर स्व जनगणना का कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि इसके लिए न तो कोई प्रशिक्षण दिया गया है और न ही अतिरिक्त मानदेय की व्यवस्था की गई है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि कार्य शुरू कराने से पहले सभी पंचायत सहायकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए और मानदेय में वृद्धि की जाए।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि प्रत्येक ग्राम पंचायत सहायक को सरकारी कार्यों के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाए तथा मासिक रिचार्ज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पंचायत सहायकों ने बताया कि उनकी नियुक्ति ग्राम पंचायतों के डिजिटल और प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए मात्र छह हजार रुपये मासिक मानदेय पर की गई थी, लेकिन वह भी समय से नहीं मिल पाता। आरोप लगाया कि पंचायत सहायकों से निर्धारित कार्यों के अलावा आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, ई-क्रॉप सर्वे और एसआईआर जैसे अन्य विभागीय कार्य भी कराए जाते हैं। इन कार्यों के लिए न तो अलग से प्रशिक्षण दिया जाता है और न ही अतिरिक्त भुगतान किया जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 40 ग्राम सभाओं के पंचायत सहायकों ने विकासखंड मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

#BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!