
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट: अमित चौधरी )
विजयीपुर, फतेहपुर । विजयीपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मंडौली में इन दिनों बच्चों में सूखी खांसी का प्रकोप तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। बीते एक सप्ताह से गांव में 1 से 10 वर्ष तक के करीब आधा सैकड़ा बच्चे इस समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मौसम में अचानक बदलाव, सुबह के समय कोहरा और धुंध बढ़ने के साथ ही बच्चों में सूखी खांसी की शिकायत शुरू हुई है। खांसी लगातार बनी रहने से बच्चों को राहत नहीं मिल पा रही है। प्रभावित बच्चों में नंदिनी, साक्षी, अमन, नित्या, आयुष, शालिनी, अनिका सहित कई अन्य शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए गांव में भय और चिंता का माहौल है। अभिभावक एहतियातन बच्चों को घर से बाहर निकलने से रोक रहे हैं, ताकि बीमारी का असर और न बढ़े। वहीं, इस संबंध में विजयीपुर के चिकित्साधिकारी बृजेश पांडे ने बताया कि मामले की जानकारी अब प्राप्त हुई है। जल्द ही गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर कैंप लगाया जाएगा और प्रभावित बच्चों को आवश्यक दवाएं वितरित की जाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से सतर्क रहने और बच्चों को ठंड से बचाने की सलाह दी है।