
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : अमित चौधरी )
विजयीपुर, फतेहपुर । विजयीपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत पहाड़पुर के मनीपुर सेमरिया गांव स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार दोपहर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री, किसान सम्मान निधि, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, साफ-सफाई व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित लगभग एक दर्जन शिकायतें सामने आईं। वहीं कुछ ग्रामीणों ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया जटिल होने पर नाराजगी भी जताई। मौजूद अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कई समस्याओं का तत्काल समाधान किया तथा शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत मोहम्मद हारुन, एडीओ आईएसबी अमरनाथ, सचिव मनीष कुमार, ग्राम प्रधान मदन सिंह, कृषि केंद्र प्रभारी कौशलेंद्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा बहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।