अपराधियों पर काल बनकर टूटी फतेहपुर पुलिस, 50 हजार का ईनामी घायल

Must be share
घटनास्थल की जांच करते सीओ सिटी

– खूंखार अपराधी के दोनों पैरों में लगी पुलिस की गोली

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । सदर कोतवाली क्षेत्र के कोड़रवा गांव में हुई महिला की निर्मम हत्या के मामले का मुख्य आरोपी 50 हजार रुपये का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी ने कुछ दिन पहले महिला का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस से की थी। इसी रंजिश में उसने महिला पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी।
बता दें कि कोडरवा गांव में महिला मिथलेश की निर्मम हत्या का आरोपी घटना के बाद से फरार था। वांछित आरोपी सोनू यादव पुत्र मनबोधन निवासी कोंडरवा गांव की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार रात करीब 10:25 बजे प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हेमंत मिश्रा, इंटेलिजेंस विंग प्रभारी विनोद मिश्रा और एसओजी की संयुक्त टीम को चौफेरवा एनटीपीसी पावर हाउस के सामने जंगल में उसके छिपे होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया। NTPC के सामने जंगल में खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर 315 बोर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। घायल आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया है।

– क्या था पूरा मामला

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के कोंडरवा गांव की है, जहां 40 वर्षीय सोनू यादव ने मिथलेश यादव पत्नी जय सिंह पर गांव के बाहर ट्यूबेल के पास चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। हमला इतना निर्मम था कि आरोपी चाकू महिला के पेट में फंसा छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीण काफी देर तक एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन समय पर सहायता न मिलने से मिथलेश की मौत हो गई थी। घटना की सूचना पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर अपराधी है और पीड़िता के साथ पहले से विवाद चल रहा था। महिला द्वारा अश्लील वीडियो वायरल करने की शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो और आईटी एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस बाबत एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हत्यारा मनबढ़ अपराधी था, जिस पर 50 हजार का ईनाम घोषित था, वह पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!