
द सुपरहिट न्यूज
खखरेरू, फतेहपुर । थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनमऊ में खेत पर खड़ी अरहर की फसल काटने पहुंचे किसान को दबंगों द्वारा रोकने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस व प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि उपरोक्त गांव निवासी अजय कुमार ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी कृषि योग्य भूमि, गाटा संख्या 391, पर अरहर की फसल तैयार खड़ी है। आरोप है कि जब वह फसल काटने के लिए खेत पहुंचे, तभी गांव के राकेश, छेदीलाल तथा उनके पुत्र लवकुश, धर्मेन्द्र, सर्वेश और मुकेश वहां पहुंच गए और उन्हें खेत में घुसने से रोक दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। किसान का कहना है कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद विपक्षी पक्ष दबाव बनाकर फसल काटने से रोक रहा है। अजय कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी मेहनत की फसल सुरक्षित काटी जा सके। वहीं, इस संबंध में थाना अध्यक्ष विद्या प्रकाश ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है, शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
#Fatehpur #UttarPradesh #BreakingNews #viralnews #thesuperhitnews