
– गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों में हाहाकार
द सुपरहिट न्यूज
किशनपुर, फतेहपुर । किशनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। कस्बे स्थित Jio के मोबाइल टावर में अचानक आग लगने से क्षेत्र की कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गईं। टावर रूम से उठते धुएं और लपटों को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस, टावर कर्मियों और दमकल विभाग को सूचना दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल चुके थे, जिससे बैंकिंग कार्य भी प्रभावित रहा। देर रात तक कंपनी के इंजीनियर सेवाएं बहाल करने में जुटे रहे।
इसी तरह लोधौरा गांव में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में आग लग गई, जिसमें किसान राजेन्द्र सिंह और गणेश प्रसाद मिश्रा की लगभग चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। वहीं एकडला गांव में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से किसान राजेश उर्फ पुत्तीलाल की खड़ी फसल जल गई। ग्रामीणों ने दमकल और पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। मामले को लेकर एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराया गया है, पीड़ित किसानों को जल्द सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।
#BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews