
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )
अमौली, फतेहपुर । कस्बे की सर्वोत्तम गैस एजेंसी में कर्मचारियों की मनमानी से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रहे, लेकिन कई उपभोक्ताओं को शाम तक सिलेंडर नहीं मिल सका। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी में सुबह पासबुक जमा करने वालों का नंबर देर शाम तक नहीं आया, जबकि कुछ लोगों का काम अधिक शुल्क लेकर पहले कर दिया गया। कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस मिले बिना ही मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश आ रहा है, जबकि कुछ लोग कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। एक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि पासबुक जमा करने के बाद जब देर शाम तक नंबर नहीं आया तो खोजबीन में उसकी पासबुक कूड़ेदान में मिली, जिससे कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी सुरेश पटेल ने कहा कि शनिवार से भीड़ रोकने के लिए बुकिंग के बाद होम डिलीवरी व्यवस्था लागू कराई जाएगी।