
– ई-ऑफिस व्यवस्था व शक्ति रसोई पर विशेष जोर
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने न्याय सहायक, सहायक न्याय, साहूकारी लिपिक, विविध लिपिक, आबकारी/जन सूचना, सहायक लेखा, वाद लिपिक, सहायक राजस्व सहायक, राजस्व सहायक, ज्येष्ठ लेखा, आंग्ल अभिलेखागार, आयुध अनुभाग, मुख्य राजस्व लेखाकार अनुभाग, जिला आपदा प्रबंधन तथा नजरत समेत कई अनुभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने पटल सहायकों से उनका परिचय प्राप्त करते हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पटल सहायक अपनी-अपनी अलमारियों के बाहर पत्रावलियों की सूची रैक के अनुसार अनिवार्य रूप से चस्पा करें, ताकि कार्य में पारदर्शिता और सुगमता बनी रहे। साथ ही, पत्रावलियों के आदान-प्रदान के लिए ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। आयुध अनुभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पटाखों एवं ज्वलनशील सामग्री बनाने व रखने वाले दुकानों का नियमित निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। वहीं, आपदा विशेषज्ञ को निर्देश दिया गया कि लू से बचाव के लिए समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अतिरिक्त डीएम ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद मुख्यालय, तहसील मुख्यालय एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर ‘शक्ति रसोई’ की स्थापना कराई जाए और इसका संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कराया जाए, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी, नाजिर, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews