बेखौफ बदमाशों ने लूटी महिला की चेन, खुलासों में नाकाम कोतवाली पुलिस !

Must be share

– NRI के घर 50 लाख की चोरी में भी पुलिस के हाथ खाली, सीसीटीवी में कैद हुई थी घटना

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । शहर क्षेत्र में अपराध रोकने में कोतवाली पुलिस पूरी तरह से नाकाम है। 2026 की शुरुआत शहर के पक्का तालाब में NRI सरवर सलमानी के घर 50 लाख की चोरी से हुई थी, सीसीटीवी में घटना कैद होने के बावजूद पुलिस न ही चोर पकड़ सकी और न ही घटना के खुलासे में कोई मेहनत की। कई हत्या की घटनाएं हुई जिनके खुलासों पर भी सवाल उठे। बुधवार को कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र में टहलने निकली डॉक्टर की पत्नी के गले से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश करीब 30 ग्राम सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना ने पुलिस की सक्रियता और गश्त की पोल खोल दी है।
बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ला निवासी दिनेश शुक्ला की पत्नी गीता शुक्ला बुधवार शाम रोज की तरह टहलने निकली थीं। वर्मा चौराहा के पास बैंक के नजदीक पीछे से आए लाल रंग की बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और आराम से फरार हो गए, जिससे साफ है कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं।
घटना के बाद पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की औपचारिकता शुरू की। फुटेज में बदमाश चौक बाजार होते हुए लखनऊ हाईवे की ओर भागते नज़र आ रहे हैं। पीड़िता के पुत्र डॉ. शिवम शुक्ला की तहरीर पर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लूटी गई चेन की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है। गौरतलब है कि हाल ही में चित्रांश नगर में भी इसी तरह की वारदात हो चुकी है, जिससे बाहरी गैंग की सक्रियता की आशंका जताई जा रही है। इस बाबत एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए कई टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Fatehpur #UttarPradesh #CrimeNews #fbreels

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!