गेहूं खरीद पूरी पारदर्शिता से हो, बिचौलियों से खरीद पर सख्त रोक: जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत केंद्रीकृत प्रणाली से न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना पर गेहूं खरीद कार्यशाला आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने समस्त क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों एवं गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों से सीधे, नियमानुसार और पूर्ण पारदर्शिता के साथ गेहूं खरीदा जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान शासन की महत्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिचौलियों और व्यापारियों से किसी भी हालत में गेहूं खरीद न की जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।


जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को किसानों से विनम्र व्यवहार करने, मानक के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने तथा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बोरे, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, डस्टर, छलनी, तिरपाल, बैनर, गेहूं खरीद रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, मोमेंट रजिस्टर, निरीक्षण रजिस्टर एवं टोकन रजिस्टर समय से पूर्ण रखने के निर्देश दिए। किसानों के पंजीकरण का सत्यापन agristack एप से होगा, जबकि सत्यापन न होने पर आवश्यक प्रपत्रों के आधार पर केंद्र प्रभारी जांच करेंगे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि 30 मार्च 2026 से 15 जून 2026 तक जिले में छह क्रय एजेंसियों के माध्यम से 64 गेहूं क्रय केंद्र संचालित होंगे। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसान fcs.up.gov.in और किसान मित्र एप पर पंजीकरण कर किसी भी नजदीकी केंद्र पर गेहूं विक्रय कर सकते हैं। बैठक में एडीएम अविनाश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार खागा, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, मंडी सचिव तथा समस्त क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक और केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

#Fatehpur #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!