
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : अमित चौधरी )
विजयीपुर, फतेहपुर । विजयीपुर क्षेत्र के सिलमी गांव स्थित सरपतहा इलाके में मंगलवार दोपहर पराली जलाने के दौरान निकली चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई, जिससे करीब पांच बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।

बताते हैं कि पास के खेत में हार्वेस्टर से गेहूं कटने के बाद अवशेष जलाए जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण आग की चिंगारी बगल के खेतों तक पहुंच गई और खड़ी फसल ने आग पकड़ ली। आग लगते ही आसपास के किसानों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और किसानों ने पानी तथा हरे पत्तेदार डंडों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच बीघा फसल जल चुकी थी। इस घटना में किसान शिवनारायण मौर्य निवासी शिवपुरी की एक बीघा, नरबदा त्रिपाठी निवासी सिलमी की दो बीघा तथा शीतल तिवारी निवासी सिलमी की दो बीघा गेहूं की फसल नष्ट हुई है। सूचना पर पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने नुकसान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं विजयीपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने भी जांच कर उचित कार्रवाई की बात कही।
#Fatehpur #UttarPradesh #newsupdate #thesuperhitnews