
– हथगांव पुलिस ने 48 घंटे में किया घटना का खुलासा
– बाइक, टी-शर्ट और चप्पल नाले में फेंककर बनाया था रहस्य
द सुपरहिट न्यूज
खागा, फतेहपुर । हथगांव थाना क्षेत्र के छिवलहा चौकी अंतर्गत रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए युवक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही थी, वह युवक द्वारा खुद रची गई साजिश निकली। पुलिस की पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने परिजनों के दबाव और डेयरी कार्य से परेशान होकर खुद की हत्या जैसी अफवाह फैलाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा था।
बता दें कि चक बबुल्लापुर गांव के अहिरान मजरे निवासी विनय उर्फ राजन शुक्रवार देर रात दूध लेकर बाइक से निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया था। अगले दिन उसकी बाइक गहरे नाले में दूध के कैन सहित मिली थी जबकि कुछ दूरी पर फटी टी-शर्ट और चप्पलें बरामद होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना पुलिस, सर्विलांस, एसओजी और इंटेलिजेंस विंग की टीमों को लगाया था। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर युवक को रास्ते से बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि युवक डेयरी के काम और पारिवारिक दबाव से परेशान था तथा काम छोड़ना चाहता था। इसी कारण उसने बाइक, कपड़े और चप्पलें अलग-अलग स्थानों पर फेंककर अपनी हत्या की झूठी कहानी गढ़ दी। थाना प्रभारी संजय पाण्डेय और छिवलहा चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा की सक्रियता से पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। युवक के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #CrimeNews #NewsUpdate #thesuperhitnews