
– त्योहारों पर शांति व सुरक्षा के दिए निर्देश
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । आगामी रामनवमी व गणेश उत्सव को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से की। इसमें प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्यजन शामिल हुए। बैठक की शुरुआत डीएम और एसपी ने उपस्थित लोगों को आगामी त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ पर्व मनाने की अपील से की। डीएम रविंद्र सिंह ने रामनवमी और गणेश उत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, पार्किंग, बैरिकेडिंग और धार्मिक स्थलों के आसपास व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना प्रशासनिक अनुमति के सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम या पंडाल न लगाने तथा हाईटेंशन लाइनों से दूर सुरक्षित स्थानों पर पंडाल स्थापित करने को कहा। साथ ही अग्निशमन यंत्र और बालू जैसे सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश आयोजकों को दिए।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और महिला-बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, मंदिरों और पंडालों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा सीओ स्तर से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एडीएम अविनाश त्रिपाठी, एएसपी महेंद्र पाल सिंह, तीनों तहसीलों के एसडीएम, सभी सीओ, धर्मगुरु, व्यापारी, समाजसेवी उपस्थित रहे।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #CrimeNews #thesuperhitnews