देवरी बुजुर्ग पंचायत में 15 लाख की वित्तीय गड़बड़ी, प्रधान को नोटिस

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

अमौली, फतेहपुर । अमौली विकास खंड की देवरी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर करीब 15 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने ग्राम प्रधान पर शिकंजा कस दिया है। जांच रिपोर्ट में 15 लाख 1 हजार 239 रुपए के गबन की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान गौरव त्रिवेदी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। शिकायत मिलने पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने हैंडपंप री-बोर, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, स्वच्छता, पंचायत भवन और कायाकल्प कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि कई कार्यों में भुगतान तो दर्शाया गया, लेकिन मौके पर कार्य अधूरे या मानक के अनुरूप नहीं मिले। कुछ भुगतान फर्मों और निजी खातों में किए जाने की भी पुष्टि हुई। शिकायतकर्ताओं राजेश कुमार शुक्ला और अवधेश कुमार की शिकायत पर जिलाधिकारी रवीन्द्र सिंह ने भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी तथा निचली गंगा नहर के अधिशासी अभियंता की समिति बनाकर जांच कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर प्रधान और सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में कहा गया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर ग्राम प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर ग्राम पंचायत संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी।

#Fatehpur #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!