
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )
अमौली, फतेहपुर । चांदपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का शव कुएं में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
चांदपुर थाना क्षेत्र के गोंदहा गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने कुएं में एक महिला को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना पर उसे रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान गांव निवासी धरम पाल की पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अक्सर झगड़ा होता रहता था। मृतका की बेटी मीनाक्षी (14) ने जब मां को घर पर नहीं पाया तो परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद यह मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता मईयादीन ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। थाना प्रभारी विनोद पटेल के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #newsfeed #thesuperhitnews