
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट: अमित चौधरी )
विजयीपुर, फतेहपुर । विजयीपुर क्षेत्र के ग्राम सिलमी गढ़वा के मजरे सिटकिया में पिछले 9 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पानी की किल्लत भी गहराती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 6 दिन पहले ही खागा स्थित जेई को समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका। गांव निवासी निखिल त्रिपाठी ने तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जानकारी दी। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीओ को 48 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
#Fatehpur #UttarPradesh #Corruption #newsfeed #thesuperhitnews