फतेहपुर में ‘चाय विवाद’ गरमाया, अखिलेश के आरोपों पर धुन्नी सिंह का पलटवार, अखिलेश को एक हफ्ते का अल्टीमेटम

Must be share

द सुपरहिट न्यूज ( विवेक मिश्र )

फतेहपुर । जिले में चर्चित ‘चाय विवाद’ अब सियासी रंग ले चुका है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान के बाद बीजेपी सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक धुन्नी सिंह ने तीखा पलटवार किया है।

  धुन्नी सिंह ने अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के सबूत एक सप्ताह के भीतर पेश नहीं किए गए तो वह मानहानि का दावा करेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि आरोप साबित हो जाते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। धुन्नी सिंह ने आरोप लगाया कि चौकी चौराहे की चाय की दुकान में हुई घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर अखिलेश यादव ने पक्षपात किया। उन्होंने कहा, “मारने वाले मुस्लिम थे, इसलिए उनका नाम नहीं लिया गया। कहा कि पहले चाय वाला आर्यन हिंदू था, लेकिन अखिलेश के पास पहुंचते ही ‘पीडीए’ हो गया।” उन्होंने अवैध खनन, कछुआ तस्करी और शराब से जुड़े सभी आरोपों को भी निराधार बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अगर सबूत प्रस्तुत नहीं कर पाए तो दस दिन के बाद उनके खिलाफ मानहानि का दावा ठोकेंगे।

  बता दें कि इस विवाद में नया मोड़ तब आया जब चौकी चौराहे में चाय की दुकान चलाने वाले आर्यन यादव ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के चाय पीने के बाद उसे निशाना बनाया गया और उसके साथ मारपीट की गई, फूड इंस्पेक्टर ने परेशान किया। जिसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आर्यन को समाजवादी चाय वाला बताया और प्रेस कॉन्फ्रेस कर कहा कि पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह के इशारे पर चाय वाले का शोषण हो रहा है। उन्होंने पूर्व बीजेपी मंत्री धुन्नी सिंह पर कछुआ तस्कर, शराब तस्कर और मोरंग माफिया होने का आरोप लगाकर बीजेपी को घेरा, जिसके बाद धुन्नी सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेस कर मानहानि का दावा ठोकने की बात कही। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!