
द सुपरहिट न्यूज
विजयीपुर, फतेहपुर । किशनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। असोथर रोड पर बरैची और मुगरियापुर गांव के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार खागा कस्बे के कुकरा गांव निवासी पंकज रैदास (19), अजय कुमार (20) और विकास रैदास (22) एक ही बाइक से असोथर क्षेत्र में रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण देने जा रहे थे तभी नरैनी रोड की ओर से आ रहे संगोलीपुर गढ़ा निवासी गोदान पुत्र हरिप्रसाद की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायलों में से तीन को एंबुलेंस के जरिए हरदो अस्पताल भिजवाया गया, जबकि एक का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करा दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews