
– गेहूं की फसल बर्बाद होने से बढ़ी किसानों की चिंता
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : संदीप प्रजापति )
अमौली, फतेहपुर । अमौली विकास खंड क्षेत्र में रविवार को हुई अचानक बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। मौसम के अचानक बदले मिजाज से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर फसल खेतों में गिर गई, जिससे किसानों के चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई दी।
बता दें कि अमौली विकास खंड की 66 ग्राम सभाओं में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का असर देखा गया। किसानों का कहना है कि कटाई से पहले आई इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। कई किसानों ने बताया कि गेहूं की तैयार फसल बर्बाद होने से वर्षभर के अनाज और आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्रीय किसानों ने सरकार से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि एक वर्ष की मेहनत पर कुदरत का कहर भारी पड़ गया और अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #thesuperhitnews