प्राइमरी स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच शातिर गिरफ्तार

Must be share

– गाजीपुर, इंटेलिजेंस विंग व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में लगातार हो रही चोरियों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना समेत पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
  बता दें कि गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपितों के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गैस सिलेंडर, बर्तन और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 20 मार्च की रात बहुवा थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कंप्यूटर व अन्य सामान चोरी कर लिया था। प्रधानाध्यापिका आभा रानी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। इसके दस दिन बाद उसी विद्यालय में फिर चोरी होने से पुलिस सतर्क हो गई। जांच के दौरान मिले सुरागों पर संयुक्त टीम ने शहर के शांति नगर मोहल्ले में किराये के मकान पर छापा मारा, जहां आरोपी चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे थे। मौके से राकेश विश्वकर्मा, अरविंद कुमार, वीरेंद्र कुमार, सुरेश लोधी और गुलाम रसूल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने राकेश को गिरोह का सरगना बताया है। आरोपितों के पास से आठ गैस सिलेंडर, कई कंप्यूटर सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस, वाई-फाई मॉडम, प्रोजेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मिक्सर, जूसर, ड्रिल मशीन, डेढ़ दर्जन सीलिंग फैन तथा स्टील-पीतल के बर्तन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि वे जिले के सरकारी विद्यालयों की रेकी कर चोरी करते थे और सामान बेचकर महंगे शौक पूरे करते थे। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ जिले के कई थानों में ढाई दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने इस खुलासे को पुलिस की अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता बताया।

#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!