
– तीन की मौके पर मौत, चार अन्य घायल
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । जनपद में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के जोनिहा-कोरवां मार्ग पर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बिंदकी का रहने वाला आरोपी दीपक सोनी अपनी नाबालिग चचेरी साली को लेकर भाग गया था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से तनाव बना हुआ था। रविवार को इस विवाद को सुलझाने के लिए जोनिहा चौकी में पंचायत बुलाई गई, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। पंचायत खत्म होते ही आरोपी युवती को कार में बैठाकर वहां से निकलने लगा। इस दौरान लड़की के परिजन और ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की और पीछा करते हुए कोरवां के पास कार को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने तेज रफ्तार में गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिसने बाइक सवार परिजनों को कुचल दिया।

हादसे में लड़की के मौसेरे भाई सत्यवान सोनी (26), मनोज सोनी (18) और अन्नु सोनकर (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद भागने के फिराक में कार ने एक और बाइक को टक्कर मार दी जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों में ममता देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
#Fatehpur #UttarPradesh #viralnews #CrimeNews #thesuperhitnews