
द सुपरहिट न्यूज
जहानाबाद, फतेहपुर । थाना क्षेत्र के ग्राम भवानी सिंह का पुरवा में शुक्रवार देर शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लगने से एक किसान की करीब दो बीघा पकी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पपरेदा के मजरे भवानी सिंह का पुरवा निवासी किसान राजेन्द्र कुशवाहा के खेत में शाम करीब सवा पांच बजे अचानक विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी। घटना से किसान की महीनों की मेहनत पल भर में राख हो गई। इस संबंध में जहानाबाद के जेई विनोद तोमर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और नियमानुसार पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
#Fatehpur #viralnews #UttarPradesh #viral #thesuperhitnews