
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र में बीच सड़क एक युवती से छेड़छाड़ और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आबूनगर क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक युवती का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है, जबकि युवती विरोध करते हुए खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक ने पैदल जा रही युवती से अभद्रता की और विरोध करने पर उसे घसीटते हुए बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया में लव जिहाद का एंगल शुरू हो गया। बजरंग दल के नेता भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली पहुंच गए। मामला सुर्खियों में आने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने आरोपी युवक को तत्काल सबक सिखाने का निर्देश दिया। जिसके बाद सदर चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अमन उर्फ सैय्यद उर्फ जॉर्डन पुत्र स्वर्गीय हनीफ निवासी उत्तरी खेलदार, कोतवाली सदर के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सरेराह युवती से हरकत करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।