
छात्र की दर्दनाक मौत, एक युवक गंभीर घायल
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : गुन्नू अग्रहरि )
खखरेरू, फतेहपुर । खखरेरू थाना क्षेत्र के चकिया गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार स्कूली बस की टक्कर से एक स्कूली छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार पुत्र से शंकर लाल निवासी बैरी खखरेरू के रूप में हुई है, जो खखरेरू स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। बताया गया कि आयुष घर से साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूली बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस छात्र को साइकिल समेत करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आयुष तीन बहनों में इकलौता भाई था। इसी दौरान बस की चपेट में आकर बाइक सवार शिवम उर्फ शालू यादव पुत्र विजय कुमार निवासी बरयेपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मंझनपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने शव उठाने से रोकते हुए चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
#Fatehpur #UttarPradesh #CrimeNews #NewsUpdate #thesuperhitnews