
द सुपरहिट न्यूज
विजयीपुर, फतेहपुर । पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत शनिवार को विजयीपुर मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव एवं स्थानीय विधायक कृष्णा पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति विषय पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित संगठन है, जहां सेवा, त्याग, तपस्या और राष्ट्र निर्माण सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली में सतत संपर्क और सतत संवाद का विशेष महत्व है तथा कार्यकर्ताओं के विचार और आचरण में राष्ट्रीयता का स्पष्ट प्रतिबिंब दिखाई देता है। विधायक कृष्णा पासवान ने संगठनात्मक संरचना को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की प्रगति उनकी निष्ठा, समर्पण और कार्यप्रणाली पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में विमलेश पांडेय ने सोशल आईटी विषय पर तथा तृतीय सत्र में दिनेश बाजपेई ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से विचार रखे। मंडल प्रशिक्षण महाअभियान में वर्गाधिकारी के रूप में जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम मौजूद रहीं। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 के इस महाअभियान के अंतर्गत जनपद के सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक कार्यप्रणाली में अधिक दक्ष बनाया जा सके। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रीती सिंह, रामराज सिंह, अनिल त्रिपाठी, अजय मिश्रा, विक्रम निषाद, छोटू सिंह परिहार, निरंजन शुक्ला, विज्मा पासवान, चन्द्र मोहन निषाद, नयन लोधी सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री एवं वरिष्ठ भाजपाई उपस्थित रहे।