– बिजली व कनेक्शन शुल्क बढ़ोतरी का विरोध
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक नहर कॉलोनी निरीक्षण भवन में आयोजित हुई, जिसमें किसानों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के नलकूपों के विद्युत कनेक्शन के एस्टीमेट में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। संगठन ने इसे किसान हितों के विपरीत बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने की। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा नए कृषि फीडर बनाए जा रहे हैं, लेकिन किसानों को केवल सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक ही बिजली मिल रही है, जबकि रात में आपूर्ति बंद रहने से सिंचाई के साथ सुरक्षा की समस्या भी बढ़ रही है। किसानों ने मांग उठाई कि रात के समय कम से कम एक फेस बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि नलकूपों पर रोशनी बनी रहे और जंगली जानवरों व चोरी की घटनाओं से बचाव हो सके। बैठक में संगठन विस्तार पर भी जोर दिया गया और गांव-गांव किसान पंचायतें आयोजित कर अधिक किसानों को जोड़ने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रीतम सिंह चंदेल, छोटे सिंह, दीपक गुप्ता, महेंद्र सिंह भदौरिया, अजय प्रजापति, सोनू सिंह, उमेश परमार, संजय तिवारी, गुलाब सिंह यादव, रवि मौर्य, अजय सिंह, दिनेश सिंह, मोहम्मद तारीख, रंजन चौहान, राम आधार, रजत मिश्रा, प्रमोद, दीपेश सिंह, बबलू सिंह, कामता सिंह, रामसनेही निषाद, संतु निषाद, वीरेंद्र यादव और भगवान दीन सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
#Fatehpur #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews