
द सुपरहिट न्यूज ( रिपोर्ट : गुन्नू अग्रहरि )
खखरेरू, फतेहपुर । नगर पंचायत खखरेरू में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान के प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे नगर में उत्साह का माहौल बना रहा। राज्यमंत्री के खखरेरू पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्य हिमांशु त्रिपाठी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जेसीबी द्वारा पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन करते हुए “जय श्रीराम” और “सबका साथ, सबका विकास” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः करीब 11 बजे रावण मैदान स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद रावण मैदान से रॉयल गार्डन तक भव्य पैदल यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी, क्षेत्रीय लोग, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। नगर पंचायत पहुंचने पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान का फूल-मालाओं एवं गुलदस्तों से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य हिमांशु त्रिपाठी ने क्षेत्र के विकास को लेकर मंत्री के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने चिल्लीमल धाने-चित्रकूट मार्ग पर यमुना नदी में पक्का पुल निर्माण तथा खखरेरू नगर में व्यापारियों एवं नगरवासियों की सुविधा के लिए राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोले जाने की मांग की। कार्यक्रम के आयोजक एवं नगर पंचायत खखरेरू के चेयरमैन ज्ञान चंद्र केशरवानी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम में आए लोगों के लिए जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई थी। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#Fatehpur #BreakingNews #UttarPradesh #NewsUpdate #thesuperhitnews