
– कल्याणपुर पुलिस ने मां समेत तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला बाहर
द सुपरहिट न्यूज
फतेहपुर । कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर गांव में मंगलवार को एक मकान में लगी भीषण आग के बीच फंसी महिला और उसके तीन बच्चों को पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मुरादीपुर गांव निवासी कैलाश सोनकर के मकान के निचले हिस्से में संदीप कुमार की ऑटो पार्ट्स की दुकान किराए पर संचालित है। सुबह अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे निचले हिस्से को घेर लिया। उस समय मकान मालिक की पत्नी पुष्पा तीसरी मंजिल पर अपनी जुड़वा बेटियों खुशी, खुशहाली और बेटे ओम के साथ फंसी हुई थी। सूचना मिलते ही सीओ बिंदकी गौरव शर्मा के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीढ़ी लगाकर तीसरी मंजिल तक पहुंचकर महिला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदार ने लगभग पांच लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews